नारनौल में स्वास्थ्य मंत्री की बड़ी घोषणाः हर घर तक पहुंचेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में स्वास्थ्य मंत्री की बड़ी घोषणाः हर घर तक पहुंचेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा


डिजिटल हेल्थ सेवाओं पर जोर, पीड़ित किसानों को आर्थिक सहायता और दिव्यांग को ई-रिक्शा भेंट

नारनाैल, 01 अप्रैल (हि.स.)। जिले के कनीना स्थित आर्य समाज मंदिर में आयोजित जनसभा में हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अंतिम व्यक्ति तक बेहतरीन, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बुधवार को कहा कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। साथ ही चिकित्सकों की रिक्तियों को भरने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, ताकि मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज मिल सके।

उन्होंने बताया कि डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देकर व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाया जा रहा है। इससे आमजन को अपने घर के नजदीक ही उपचार की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी और अस्पतालों में अनावश्यक भीड़ भी कम होगी।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने मार्केट कमेटी कनीना की ओर से दो पीड़ित किसान परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की। गांव बेवल के किसान महेश और गांव ककराला के अशोक को खेत में काम करते समय गंभीर चोट लगने के कारण 37 हजार 500 - 37 हजार 500 रुपये की सहायता राशि के चेक सौंपे गए। इसके अलावा दिव्यांग रोहित गर्ग को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उन्हें ई-रिक्शा भेंट किया गया। मंत्री ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर विधायक ओम प्रकाश यादव, एसडीएम डॉ जितेंद्र, पूर्व जिला अध्यक्ष दयाराम यादव, एसएमओ डॉ रेणु वर्मा, चेयरमैन जेपी कोटिया, जिला महामंत्री महिला मोर्चा अरुणा कौशिक और रवींद्र कौशिक सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story