महेंद्रगढ़ गेस्ट हाउस में युवती की संदिग्ध मौत, जांच शुरू

WhatsApp Channel Join Now
महेंद्रगढ़ गेस्ट हाउस में युवती की संदिग्ध मौत, जांच शुरू


कमरे का दरवाजा तोड़कर निकाला शव, जहरीला पदार्थ खाने की आशंका

नारनाैल, 16 जून (हि.स.)। महेंद्रगढ़ शहर स्थित एक गेस्ट हाउस में ठहरी एक युवती की सोमवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर युवती को बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने जहरीला पदार्थ सेवन करने की आशंका जताई है। मामले की जांच जारी है मगर मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

जानकारी के अनुसार गांव माधोगढ़ निवासी करीब 23 वर्षीय वर्षा सोमवार शाम को ऑटो से शहर के एक गेस्ट हाउस में पहुंची थी। गेस्ट हाउस संचालक के अनुसार युवती ने कुछ घंटों के लिए कमरा मांगा और बताया कि वह नहाकर किसी कार्यक्रम में जाने वाली है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने और पहचान पत्र जमा करवाने के बाद उसे कमरा नंबर 210 आवंटित कर दिया गया। इसके बाद रात के समय युवती के परिजन गेस्ट हाउस पहुंचे और उसके बारे में जानकारी ली।

उन्होंने बताया कि युवती का नाम वर्षा है और वह माधोगढ़ क्षेत्र की रहने वाली है। इसके बाद संचालक और परिजन कमरे तक पहुंचे, लेकिन कई बार दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। स्थिति को गंभीर देखते हुए गेस्ट हाउस संचालक ने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का ताला तोड़कर दरवाजा खोला। अंदर युवती अचेत अवस्था में पड़ी मिली। जांच के दौरान कमरे में जहरीला पदार्थ सेवन करने के संकेत मिले। पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई के बाद परिजन युवती को नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शहर थाना पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story