नारनाैल में 46964 मीट्रिक टन बाजरे की हुई सरकारी खरीद
मंडियों में अब तक 50354 मीट्रिक टन बाजरे की आवक, 56 प्रतिशत उठान पूरा
नारनाैल, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जिले की अनाज मंडियों में बाजरे की सरकारी खरीद पारदर्शी और सुचारू ढंग से की जा रही है। अब तक जिले में 50 हजार तीन साै 54 मीट्रिक टन बाजरे की आवक हो चुकी है, जिसमें से 46 हजार नाै साै 64 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद की गई है। खरीदे गए बाजरे में से 26 हजार सात साै सात मीट्रिक टन का उठान भी हो चुका है। उपायुक्त अनुपमा अंजली ने गुरुवार को प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भाग लेने के बाद यह जानकारी दी।
उन्होंने जिले के सभी एसडीएम के साथ बैठक कर खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में अब तक किसानों के 19 हजार तीन साै 69 गेट पास जारी किए जा चुके हैं। किसानों की सुविधा के लिए सरकार ने ई-खरीद ऐप शुरू किया है। इसके माध्यम से किसानों को बाजरे की खरीद से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। किसान घर बैठे भी अपना गेट पास जारी कर सकते हैं। इससे उन्हें मंडियों में लंबी कतारों में खड़े होने से राहत मिलेगी और खरीद प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
खरीदे गए बाजरे में से 26 हजार सात साै सात मीट्रिक टन का उठान हो चुका है, जो कुल खरीद का लगभग 56 प्रतिशत है। प्रशासन की ओर से खरीद और उठान की प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि मंडियों में अनाज जमा होने से किसानों को परेशानी न हो। बैठक में उपायुक्त ने सभी एसडीएम और मंडी सचिवों को निर्देश दिए कि बाजरा बेचने आने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मंडियों में तिरपाल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पर्याप्त मात्रा में सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बारिश और खराब मौसम के कारण किसानों की फसल को नुकसान न पहुंचे। साथ ही खरीद कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

