नारनौल में युवती ने फांसी लगाकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now


नारनाैल, 30 मार्च (हि.स.)। जिले के मंडी अटेली कस्बे में एक 22 वर्षीय युवती द्वारा घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है।

सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार मंडी अटेली के वार्ड नंबर नौ निवासी मुस्कान ने रविवार देर शाम अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उस समय वह घर में अकेली थी। उसकी मां घरों में साफ-सफाई का काम करती है, जबकि पिता रेहड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उसकी बड़ी बहन भी उस समय अपनी मां के साथ काम पर गई हुई थी।

पीछे से मुस्कान ने घर के अंदर पंखे पर फांसी का फंदा लगा लिया। जब परिजन काम से लौटकर घर पहुंचे तो उन्होंने उसे फंदे पर लटका हुआ देखा। परिजनों ने तुरंत उसे फंदे से नीचे उतारा और इलाज के लिए अटेली के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया और परिजनों के बयान दर्ज किए।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story