नारनौल में रसोई गैस की कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें नागरिक : कैप्टन मनोज कुमार
4220 सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध, प्रशासन ने जमाखोरी पर दी सख्त चेतावनी
नारनाैल, 21 मार्च (हि.स.)। नारनौल में रसोई गैस की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए नागरिकों से संयम बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिले में गैस की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उपायुक्त ने शनिवार को बताया कि जिले की विभिन्न गैस एजेंसियों के पास पहले से ही 10 हजार 269 सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद था। इसके अलावा प्लांट से शुक्रवार को छह हजार 143 नए सिलेंडर भी प्राप्त हुए हैं, जिससे आपूर्ति व्यवस्था और मजबूत हुई है। उन्होंने जानकारी दी कि इनमें से छह हजार 49 सिलेंडरों की डिलीवरी उपभोक्ताओं के घरों तक सुचारू रूप से की जा चुकी है। उन्होंने आगे बताया कि वर्तमान में जिले की सभी गैस एजेंसियों के पास चार हजार 220 सिलेंडरों का क्लोजिंग स्टॉक सुरक्षित है, जो आने वाले दिनों की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त है। प्रशासन लगातार पूरे सिस्टम पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी प्रकार की बाधा न आए।
उपायुक्त ने नागरिकों से विशेष रूप से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही घबराहट में आकर अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर जमा करें। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रवृत्ति से वास्तविक जरूरतमंद उपभोक्ताओं को परेशानी हो सकती है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि गैस की कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमित रूप से गैस एजेंसियों की निगरानी करें और किसी भी अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस बीच, जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है और आम जनता को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

