नारनौल में खाद्य आपूर्ति विभाग ने गैस एजेंसियों का किया औचक निरीक्षण, ओवरचार्जिंग पर दी सख्त चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में खाद्य आपूर्ति विभाग ने गैस एजेंसियों का किया औचक निरीक्षण, ओवरचार्जिंग पर दी सख्त चेतावनी


नोडल अधिकारी की अपीलः पैनिक न हों, घर तक हो रही सिलेंडर की सप्लाई

नारनाैल, 21 मार्च (हि.स.)। नारनौल क्षेत्र में रसोई गैस को लेकर अव्यवस्था या ओवरचार्जिंग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नोडल अधिकारी एवं सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी अरुण सैनी ने शनिवार को नारनौल और नांगल चौधरी क्षेत्र की विभिन्न गैस एजेंसियों और उनके गोदामों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान गैस एजेंसियों में उपलब्ध स्टॉक, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं को दी जा रही सुविधाओं की विस्तार से जांच की गई। अधिकारियों ने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित नियमों के अनुसार ही गैस सिलेंडरों की आपूर्ति करें और किसी भी उपभोक्ता से अधिक कीमत न वसूली जाए। अरुण सैनी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों या घबराहट में आकर गैस एजेंसियों या गोदामों पर भीड़ न लगाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था पूरी तरह से सुचारू रूप से चल रही है और उपभोक्ताओं को उनके घर तक गैस उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि अनावश्यक भीड़ से न केवल व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि इससे अन्य उपभोक्ताओं को भी असुविधा होती है। इसलिए सभी लोग संयम बनाए रखें और जरूरत के अनुसार ही गैस की मांग करें। ओवरचार्जिंग के मुद्दे पर स्पष्ट जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि यदि कोई उपभोक्ता स्वयं एजेंसी या गोदाम से गैस सिलेंडर लेता है तो उसकी निर्धारित कीमत 896 रुपये है। वहीं, होम डिलीवरी के माध्यम से सिलेंडर मंगवाने पर 931 रुपये का भुगतान करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी एजेंसी द्वारा तय दरों से अधिक राशि वसूली जाती है या वितरण में अनियमितता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story