नारनौल में दो किलो गांजा सहित दो युवक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में दो किलो गांजा सहित दो युवक गिरफ्तार


नारनाैल, 16 मई (हि.स.)। नारनौल में सदर थाना पुलिस ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई करते हुए दो युवकों को करीब दो किलो 43 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खटोटी खुर्द निवासी हिमांशु और सतनाली निवासी मोहित के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने शनिवार को बताया कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद एएसआई अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भाखरी-दोचाना रोड पर सामुदायिक भवन और व्यायामशाला के सामने नाकाबंदी कर जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने बाइक भगाने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार बाइक तेज गति से मोड़ने के दौरान पीछे बैठा युवक मोहित सड़क पर गिर गया। हादसे में उसके हाथ और घुटने में हल्की चोट आई। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत दोनों युवकों को मौके पर ही काबू कर लिया और उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी मोहित के कब्जे से प्लास्टिक की थैली में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन कराया, जिसमें थैली सहित गांजे का कुल वजन दो किलो 43 ग्राम पाया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story