नारनौल में कार से नौ किलो गांजा बरामद, आरोपी गिरफ्तार
सीआईए और कनीना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, पीछा करने पर नीम के पेड़ से टकराई कार
नारनाैल, 05 जून (हि.स.)। जिले में सीआईए और कनीना पुलिस की संयुक्त टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को एक कार से नौ किलो 33 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी पुलिस नाके को देखकर भागने लगा था, लेकिन पीछा करने के दौरान उसकी कार सड़क किनारे नीम के पेड़ से टकरा गई, जिससे वह घायल हो गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सेहलंग निवासी अनिल अपनी सफेद रंग की कार में बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सीआईए और कनीना पुलिस ने बाघोत-सेहलंग मार्ग पर 152-डी पुलिया के नीचे नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ समय बाद संदिग्ध कार मौके पर पहुंची। पुलिस ने चालक को वाहन रोकने का संकेत दिया लेकिन उसने कार की गति बढ़ा दी और नौताना मार्ग की ओर फरार होने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तुरंत उसका पीछा किया। पीछा करने के दौरान आरोपी की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक नीम के पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में घायल हुए आरोपी अनिल पुत्र हरिसिंह निवासी सेहलंग को पुलिस ने कार से बाहर निकालकर उपचार के लिए सरकारी अस्पताल कनीना पहुंचाया। इसके बाद मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलने पर डीएसपी मुख्यालय नारनौल भारत भूषण भी मौके पर पहुंचे।
डीएसपी की मौजूदगी में कार की गहन तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार की डिग्गी में लगे गैस सिलेंडर के अंदर छिपाकर रखे गए आठ पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों से कुल नौ किलो 33 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने बरामद गांजा और कार को कब्जे में लेकर सील कर दिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर नशा तस्करी के नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

