नारनाैल: केंद्रीय विश्वविद्यालय के तीन पूर्व शोधार्थी बने सहायक प्राध्यापक

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: केंद्रीय विश्वविद्यालय के तीन पूर्व शोधार्थी बने सहायक प्राध्यापक


गणित विभाग के पूर्व पीएचडी शोधार्थियों की उपलब्धि पर कुलपति सहित शिक्षकों ने दी बधाई

नारनाैल, 05 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के गणित विभाग के तीन पूर्व पीएचडी शोधार्थियों ने हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) की चयन प्रक्रिया में सफलता हासिल करते हुए सहायक प्राध्यापक (कॉलेज कैडर) पद पर चयनित होकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। चयनित शोधार्थियों में डॉ. मनजीत, डॉ. पूनम यादव और डॉ. ज्योति शामिल हैं।

बुधवार को विश्वविद्यालय प्रशासन ने तीनों चयनित शोधार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि केवल चयनित शोधार्थियों की ही नहीं, बल्कि पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इनकी सफलता वर्तमान विद्यार्थियों और शोधार्थियों को शिक्षण, अनुसंधान और अकादमिक उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज के अधिष्ठाता प्रो. राजेश कुमार गुप्ता ने भी तीनों चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शोध को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित शोधार्थी अपने ज्ञान और अनुभव के माध्यम से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

गणित विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार यादव ने कहा कि विभाग के लिए यह अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तीनों नवचयनित सहायक प्राध्यापक विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन देने के साथ-साथ शोध एवं नवाचार को भी नई दिशा प्रदान करेंगे। विश्वविद्यालय परिवार ने इस सफलता को संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और शोध संस्कृति का सकारात्मक परिणाम बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story