नारनाैल में 50 एकड़ की कड़बी जलकर राख, किसानों को भारी नुकसान

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल में 50 एकड़ की कड़बी जलकर राख, किसानों को भारी नुकसान


तेज लपटों से आसपास रखी अन्य किसानों की कड़बी भी चपेट में आई, फायर टीम ने पाया काबू

नारनाैल, 08 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव कमानिया में बुधवार शाम काे खेतों के आसपास रखी कड़बी (पशु चारा) में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 50 एकड़ क्षेत्र में रखी कड़बी जलकर राख हो गई। आग की चपेट में आने से कई किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

ग्रामीणों के अनुसार बुधवार शाम काे खेतों के आसपास रखी कड़बी में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही समय में आसपास रखी अन्य किसानों की कड़बी भी आग की चपेट में आ गई। आग बढ़ती देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और फायर विभाग को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। टीम ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग को आसपास के खेतों और अन्य स्थानों तक फैलने से रोक लिया गया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। आग की चपेट में आने से करीब 50 एकड़ क्षेत्र में रखी कड़बी जल गई।

इससे किसानों को हजारों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। हालांकि नुकसान की वास्तविक राशि का आकलन अभी नहीं किया गया है। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से मौके पर नुकसान का जायजा लेकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि आग लगने के कारणों की भी जांच कर पता लगाया जाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story