नारनौल में घी के तीन नमूनों की जांच में मिली खामियां

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में घी के तीन नमूनों की जांच में मिली खामियां


नारनाैल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली के त्योहार पर लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बाजारों में निगरानी बढ़ा दी है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने गुरुवार को कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने और गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग को बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

त्योहारी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने अब तक 24 नमूने लिए हैं। इनमें से पांच नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। रिपोर्ट के अनुसार, घी का एक नमूना असुरक्षित (अनसेफ) और दो नमूने अधोमानक (सबस्टैंडर्ड) पाए गए हैं। वहीं, दो नमूने निर्धारित मानकों पर खरे उतरे हैं। शेष 19 नमूनों की जांच रिपोर्ट आना बाकी है। विभाग के अनुसार, सभी रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

नारनौल के खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अमित कुमार ने बताया कि दीपावली पर मिठाइयों, घी और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में उपभोक्ताओं को खरीदारी करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। पैकिंग वाले खाद्य पदार्थ खरीदते समय निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण की जानकारी अवश्य जांचें। खुले में रखे, अस्वच्छ वातावरण में तैयार किए गए और संदिग्ध गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों को खरीदने से बचें।

डॉ. अमित कुमार ने मिठाई विक्रेताओं और अन्य खाद्य कारोबारियों से भी नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी कारोबारियों के पास वैध एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण होना चाहिए। खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। मिठाइयों में अनधिकृत रंगों का इस्तेमाल न करें और केवल सुरक्षित, मानक के अनुरूप सामग्री का ही उपयोग करें।

विभाग की ओर से दीपावली तक बाजारों में निगरानी, नमूने लेने और जांच की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764929 Articles

Share this story