नारनौल में उपायुक्त अनुपमा अंजली ने ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी ली

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में उपायुक्त अनुपमा अंजली ने ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी ली


आईटीआई मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम पूर्वाभ्यास, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पीटी प्रदर्शन ने बांधा समां

नारनाैल, 13 अगस्त (हि.स.)। नारनौल के आईटीआई मैदान में गुरुवार को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया। उपायुक्त अनुपमा अंजली ने ध्वजारोहण किया तथा परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर एवं डीएसपी डॉ. कविता ने किया। इस दौरान समारोह में शामिल होने वाली विभिन्न प्रस्तुतियों का भी पूर्वाभ्यास किया गया।

पूर्वाभ्यास के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने सामूहिक पीटी प्रदर्शन के साथ डम्बल और लेजियम का भी शानदार प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों के दौरान मैदान में देशभक्ति का माहौल बना रहा।

उपायुक्त अनुपमा अंजली ने आयोजन स्थल पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश का राष्ट्रीय पर्व है और इसका आयोजन पूरी गरिमा, अनुशासन और भव्यता के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित प्रभारियों को निर्देश दिए कि 15 अगस्त तक अभ्यास लगातार जारी रखा जाए, ताकि मुख्य समारोह में प्रस्तुतियां उत्कृष्ट रहें।

उपायुक्त ने बताया कि स्थानीय आईटीआई मैदान में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समारोह में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। वहीं महेंद्रगढ़ में नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव, कनीना में महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह तथा नांगल चौधरी में रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव मुख्य अतिथि के तौर पर ध्वजारोहण करेंगे। इस मौके पर नगराधीश डॉ. मंगल सेन, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विश्वेश्वर कौशिक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story