नारनौल : सीजन की पहली झमाझम बारिश, मौसम हुआ सुहावना
किसानों के खिले चेहरे, कई इलाकों में जलभराव से बढ़ी परेशानी
नारनाैल, 16 जून (हि.स.)। नारनौल में मंगलवार को इस सीजन की पहली अच्छी बारिश दर्ज की गई। सुबह करीब सात बजे शुरू हुआ बारिश का दौर कई घंटों तक जारी रहा, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। झमाझम बारिश से जहां किसानों के चेहरे खिल उठे, वहीं शहर के कई इलाकों में जलभराव होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मंगलवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। करीब सात बजे बारिश शुरू हुई और दोपहर तक रुक-रुक कर होती रही। जेठ माह में हुई इस बारिश ने लोगों को सावन जैसा अहसास कराया। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई तथा मौसम सुहावना हो गया।
जिला प्रशासन की वर्षा रिपोर्ट के अनुसार 15 जून सुबह 8 बजे से 16 जून सुबह आठ बजे तक जिले में सबसे अधिक 23 मिलीमीटर बारिश नारनौल में दर्ज की गई। इसके अलावा महेंद्रगढ़ में 15.5 मिमी, अटेली में 16.5 मिमी, नांगल चौधरी में 14.5 मिमी, सतनाली में 14 मिमी तथा कनीना में सात मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश से किसानों को फसलों के लिए लाभ मिलने की उम्मीद है। खेतों में नमी बढ़ने से खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारियों को भी गति मिलेगी। हालांकि शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ चंद्रमोहन के अनुसार यह बारिश पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हो रही है। उन्होंने बताया कि मौसम में बदलाव का यह दौर 19 जून तक जारी रहने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

