नारनौल में रेडिमेड दुकान में लगी आग, माल स्वाहा

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में रेडिमेड दुकान में लगी आग, माल स्वाहा


नारनाैल, 21 नवंबर (हि.स.)। शहर के मुख्य बाजार महावीर मार्ग पर शनिवार सुबह एक रेडिमेड कपड़ों की दुकान में आग लग गई। आग से दुकान में रखा कपड़े जलकर राख हो गए। हादसे में दुकानदार को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर नगर परिषद के दमकल केंद्र से गाड़ी मौके पर पहुंची।

दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार, महावीर मार्ग पर स्थित दुकानदार ने शनिवार सुबह अपनी दुकान खोली थी। दुकान खोलने के बाद उसने पूजा-पाठ किया। इसके बाद दुकान के बाहर नजर उतारने की परंपरा निभाते हुए कागज जलाए गए। इसी दौरान जलता हुआ कागज हवा के साथ उड़कर पास में स्थित रेडिमेड कपड़ों की दुकान के अंदर चला गया। दुकान में कपड़ों का सामान रखा हुआ था, जिसने देखते ही देखते आग पकड़ ली।

दुकान से धुआं निकलता देखकर आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत संबंधित दुकानदार को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही दुकानदार मौके पर पहुंचा। आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ती चली गई। इसके बाद दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही नगर परिषद के दमकल केंद्र से गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। आसपास के दुकानदारों के अनुसार, शनिवार को कई लोग सुबह और शाम नजर उतारने की परंपरा निभाते हैं। इसी दौरान जलाया गया कागज हवा में उड़कर दुकान के अंदर चला गया, जिससे आग लग गई। हालांकि, घटना के संबंध में पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780857 Articles

Share this story