नारनाैल में दो खनन कंपनियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल में दो खनन कंपनियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज


पंचायत भूमि पर मलबा डालने का आरोप, ग्रामीण बोले- कमजोर धाराएं लगाकर की गई खानापूर्ति

नारनाैल, 06 जून (हि.स.)। जिले के नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव दोस्तपुर में ग्राम पंचायत की भूमि पर अवैध रूप से मलबा डालने के मामले में पुलिस ने दो खनन कंपनियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। दूसरी तरफ ग्रामीणों और शिकायतकर्ता ने इसे केवल खानापूर्ति बताया है।

शनिवार को शिकायतकर्ता नितिन यादव ने कहा कि मामले में गंभीर आरोप होने के बावजूद पुलिस ने कमजोर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। उनका आरोप है कि इससे आरोपियों को आसानी से जमानत मिल सकती है और मामले की गंभीरता कम हो सकती है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत दोस्तपुर ने 29 मई को प्रस्ताव पारित कर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) नांगल चौधरी को शिकायत भेजी थी। पंचायत ने आरोप लगाया था कि सहज भारती माइन्स और देवता लाइम स्टोन्स द्वारा ग्राम पंचायत की भूमि, खसरा नंबर-47 पर बिना किसी अनुमति के डंपरों के माध्यम से लगातार मलबा डाला जा रहा है। पंचायत का कहना था कि ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने कई बार संबंधित कंपनियों को ऐसा करने से रोका, लेकिन इसके बावजूद मलबा डालने का कार्य जारी रहा। पंचायत ने इस मामले को जनहित और गांव के सामूहिक हित से जुड़ा बताते हुए दोनों कंपनियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का निर्णय लिया था।

प्रस्ताव में सरपंच को कानूनी कार्रवाई करने का अधिकार भी दिया गया था। इसके बाद बीडीपीओ अशोक कुमार ने 5 जून को थाना प्रभारी नांगल चौधरी को पत्र लिखकर पंचायत प्रस्ताव और पैमाइश रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कंपनियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया। पत्र की प्रतियां उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, एसडीएम तथा जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को भी भेजी गई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई जसबीर को सौंपी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story