नारनाैल: कनीना की दो छात्राएं पटना से सुरक्षित बरामद, परिवार को सौंपा

WhatsApp Channel Join Now

कॉलेज जाने के बजाय बिना बताए बड़ी बहन से मिलने पटना पहुंची थीं दोनों छात्राएं

नारनाैल, 13 सितंबर (हि.स.)। जिला पुलिस ने गुमशुदगी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सिहोर गांव निवासी दो छात्राओं को बिहार के पटना से सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने दोनों छात्राओं को आवश्यक कार्रवाई के बाद उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। छात्राओं के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस का आभार जताते हुए उसकी तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की है।

डीएसपी डॉ. कविता ने रविवार को बताया कि सिहोर निवासी तनिषा और ओमवती नाै सितंबर को सुबह करीब आठ बजे घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थीं। निर्धारित समय तक दोनों छात्राएं घर वापस नहीं लौटीं। दोपहर करीब तीन बजे तक उनके नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने कनीना शहर थाने में दोनों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मानवीय और तकनीकी माध्यमों से छात्राओं की तलाश की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों छात्राएं बिहार के पटना में मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 सितंबर की सुबह पाटलिपुत्र, पटना से दोनों छात्राओं को सुरक्षित बरामद कर लिया।

पूछताछ में दोनों छात्राओं ने पुलिस को बताया कि वे कॉलेज जाने के बजाय बिना परिजनों को बताए पटना में रहने वाली अपनी बड़ी बहन से मिलने चली गई थीं। उनकी बड़ी बहन की शादी पटना में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों छात्राओं को उनके माता-पिता को सौंप दिया। दोनों के सुरक्षित घर लौटने पर परिजनों ने महेंद्रगढ़ पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story