नारनाैल: लापता महिला का शव नहर में मिला, पुलिस जांच में जुटी

WhatsApp Channel Join Now

नारनाैल, 29 जून (हि.स.)। जिले के कनीना क्षेत्र के गांव भड़फ की 62 वर्षीय महिला का शव रविवार शाम धनौंदा गांव के पास नहर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला रविवार सुबह घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी गई थी।

मृतका की पहचान गांव भड़फ निवासी 62 वर्षीय परमेश्वरी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह रविवार सुबह घर से निकली थीं। लंबे समय तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

इसी दौरान रविवार शाम धनौंदा गांव के पास नहर से गुजर रहे एक राहगीर की नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को एंबुलेंस के माध्यम से उप नागरिक अस्पताल कनीना पहुंचाया गया।

मृतका के देवर योगेश ने बताया कि परमेश्वरी पहले कभी अकेले घर से बाहर नहीं गई थीं। उनके अचानक लापता होने से पूरा परिवार चिंतित था और लगातार उनकी तलाश कर रहा था। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा । फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story