नारनाैल में जमीन विवाद में किसान की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल में जमीन विवाद में किसान की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार


नारनाैल, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव नूनी कलां में 58 वर्षीय इंद्रपाल की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल और सुरेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद सामने आया है।

पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। डीएसपी भारत भूषण ने बुधवार को बताया कि गांव नूनी कलां में इंद्रपाल की हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया। जांच के दौरान विशाल और सुरेंद्र को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके। मामले में नामजद बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

डीएसपी भारत भूषण के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विशाल के खिलाफ पहले से एक मुकदमा दर्ज है। वहीं, सुरेंद्र के खिलाफ 10 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस दोनों आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि के साथ हत्या के मामले में उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, इंद्रपाल और आरोपियों के बीच जमीन को लेकर विवाद था। इसी विवाद के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में अन्य आरोपियों की क्या भूमिका रही और घटना को किस तरह अंजाम दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद घटनाक्रम से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आ सकती हैं। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764546 Articles

Share this story