नारनौल में आयोजित ‘खेत दिवस’ में उमड़े किसान

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में आयोजित ‘खेत दिवस’ में उमड़े किसान


नारनाैल, 08 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव पटीकरा में रविवार को प्रगतिशील किसान विनोद के खेत पर आलू की फसल को लेकर एक विशाल ‘खेत दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के 300 से अधिक किसानों ने भाग लेकर आलू की आधुनिक खेती, नई किस्मों और आलू आधारित उद्योगों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। इस मौके पर अंतर्राष्ट्रीय आलू केंद्र के वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने किसानों का मार्गदर्शन किया, वहीं दक्षिण अमेरिका से आए कृषि विशेषज्ञ डॉ जान क्रूज़ ने बिना जुताई और पराली की बिछाई वाली तकनीक के बारे में बताया।

हरियाणा बागवानी विभाग के अध्यक्ष डॉ. अर्जुन सिंह सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में किसानों को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को वैज्ञानिक तरीके अपनाने और फसलों के विविधीकरण के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया और बताया कि यदि किसान सही तकनीक का चुनाव करें, तो वे कम लागत में बेहतर लाभ कमा सकते हैं।

दक्षिण अमेरिका से आए कृषि विशेषज्ञ डॉ जान क्रूज़ ने बिना जुताई और पराली की बिछाई वाली तकनीक के बारे में बताया, जिससे लागत कम और उत्पादन अधिक होता है। खेत में आलू की विभिन्न उन्नत किस्मों जैसे चिप्सोना-एक, चिप्सोना-तीन और कुफरी उदय का प्रदर्शन भी किया गया। किसान विनोद ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने नई किस्म की खेती से प्रति एकड़ लगभग 360 बोरी आलू की पैदावार प्राप्त की है। विशेषज्ञों ने बताया कि यहाँ की मिट्टी आलू के लिए बहुत उपजाऊ है और यहां आलू में लगने वाली आम बीमारियाँ जैसे पपड़ी रोग और जड़ सड़न बहुत कम पाई जाती हैं। इसी गुणवत्ता को देखते हुए कई कंपनियों ने किसानों के साथ मिलकर काम करने और भविष्य में सीधे खेत से आलू खरीदने की इच्छा जताई। कार्यक्रम में देश की कई बड़ी आलू प्रसंस्करण कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story