नारनाैल: चालान का फर्जी मैसेज भेजकर माली के खाते से लाखों उड़ाए

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: चालान का फर्जी मैसेज भेजकर माली के खाते से लाखों उड़ाए


नारनाैल: चालान का फर्जी मैसेज भेजकर माली के खाते से लाखों उड़ाए


नारनाैल, 14 नवंबर (हि.स.)। जिले के नांगल चौधरी क्षेत्र में साइबर ठगों ने बाइक चालान के नाम पर एक व्यक्ति को अपना शिकार बना लिया। ठगों ने उसके मोबाइल पर चालान से संबंधित फर्जी मैसेज भेजकर एक लिंक दिया। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड हो गई। इसके बाद मोबाइल हैंग हो गया और सिम ने काम करना बंद कर दिया। कुछ ही देर में ठगों ने पीड़ित के दो बैंक खातों से चार ट्रांजेक्शन के जरिए एक लाख 11 हजार 997 रुपये निकाल लिए। पीड़ित को बैंक से रकम कटने के मैसेज मिलने पर ठगी का पता चला। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि गांव नियामतपुर निवासी गौरव बीडीओ कार्यालय में माली के पद पर कार्यरत है। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके मोबाइल पर बाइक के चालान से संबंधित एक मैसेज आया था। मैसेज में चालान का भुगतान करने के लिए लिंक दिया गया था। उसने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया तो मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड हो गई। इसके तुरंत बाद उसका मोबाइल हैंग हो गया और सिम ने भी काम करना बंद कर दिया।

गौरव के अनुसार, 30 अक्टूबर की शाम को उसके मोबाइल पर बैंक खातों से रुपये निकलने के मैसेज आने शुरू हो गए। जांच करने पर पता चला कि हरियाणा ग्रामीण बैंक के खाते से तीन बार में 50 हजार, 9997 और 5999 रुपये निकाले गए हैं। वहीं, एसबीआई के खाते से 46 हजार रुपये की निकासी हुई।

इस तरह ठगों ने चार ट्रांजेक्शन के जरिए कुल एक लाख 11 हजार 997 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने ठगी का अंदेशा होने पर अपने दोस्त के मोबाइल से साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर पोर्टल पर दर्ज शिकायत और उपलब्ध जानकारी के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस फर्जी लिंक, एपीके फाइल और बैंक खातों में हुए लेनदेन की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776872 Articles

Share this story