नारनौल में महिला आयोग उपाध्यक्ष ने जांची व्यवस्थाएं,अधिकारियों को दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में महिला आयोग उपाध्यक्ष ने जांची व्यवस्थाएं,अधिकारियों को दिए निर्देश


जेल, अस्पताल, वन स्टॉप सेंटर और महिला थाना का दौरा कर महिलाओं की सुनीं समस्याएं

नारनाैल, 07 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा राज्य महिला आयोग की वाइस चेयरमैन मीना परमार मंगलवार को महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की जमीनी स्थिति जानने नारनौल पहुंचीं। उन्होंने जिला जेल, नागरिक अस्पताल, वन स्टॉप सेंटर और महिला पुलिस थाने का निरीक्षण कर महिलाओं से सीधे संवाद किया तथा उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी पीड़ित महिला को न्याय पाने के लिए भटकना नहीं पड़ना चाहिए।

दौरे की शुरुआत जिला जेल से हुई, जहां मीना परमार ने महिला बंदियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इसके बाद नागरिक अस्पताल में महिला वार्डों का निरीक्षण करते हुए मरीजों से बातचीत की और उपचार व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

लघु सचिवालय स्थित वन स्टॉप सेंटर में उन्होंने संकटग्रस्त महिलाओं को दी जा रही आश्रय, परामर्श और कानूनी सहायता सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह केंद्र पीड़ित महिलाओं के लिए भरोसे और सुरक्षा का स्थान बनना चाहिए, जहां उन्हें बिना किसी भय के हर संभव सहायता मिले।

महिला पुलिस थाने के निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिकायतों के निस्तारण, सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक महिला की शिकायत पर संवेदनशीलता, गोपनीयता और प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक संजय बांगड़, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार, महिला थाना प्रभारी मंजूषा, संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी सरिता शर्मा, वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक वंदना यादव सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story