नारनौल में नगर परिषद कर्मचारियों ने निकाला विरोध मार्च

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में नगर परिषद कर्मचारियों ने निकाला विरोध मार्च


कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ की नारेबाजी, जल्द समाधान की उठाई मांग

नारनाैल, 07 मई (हि.स.)। नारनौल में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर चल रही हड़ताल के बीच गुरूवार को नगर परिषद कर्मचारियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द समाधान की मांग उठाई।

प्रदर्शन की शुरुआत नगर परिषद परिसर से हुई, जहां बड़ी संख्या में कर्मचारी एकत्र हुए। इसके बाद कर्मचारियों ने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से विरोध मार्च निकाला। रैली महावीर चौक, मुख्य बाजार, पुल बाजार, मानक चौक, आजाद चौक, किला रोड, मोहल्ला नलापुर और पुलिस लाइन रोड सहित कई क्षेत्रों से होकर गुजरी। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने हाथों में बैनर और झंडे लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सरकार लंबे समय से उनकी मांगों को नजरअंदाज कर रही है।

नगर पालिका कर्मचारी संघ इकाई नारनौल के प्रधान भूपेंद्र सारवान ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार के साथ कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर के पालिका कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही। कर्मचारियों में इसे लेकर भारी रोष है।

भूपेंद्र सारवान ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कर्मचारियों ने सरकार से वेतन संबंधी समस्याओं, कर्मचारियों को स्थायी करने और अन्य लंबित मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story