नारनौल: फॉरेस्ट कर्मचारी की सड़क हादसे में मौत

WhatsApp Channel Join Now

नारनौल, 13 जुलाई (हि.स.)। जिले के गांव पाथेड़ा निवासी 26 वर्षीय फॉरेस्ट कर्मचारी हरिओम की सोमवार सुबह सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उन्हानी स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने फॉरेस्ट क्षेत्र में उस समय हुआ, जब वह मोटरसाइकिल से अपनी ड्यूटी पर जा रहा था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। युवक की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिओम फॉरेस्ट विभाग में कार्यरत था। सोमवार को उसकी ड्यूटी भोजावास में आयोजित एसडीएम के जनसमस्या समाधान शिविर में लगाई गई थी। वह सुबह अपने घर से मोटरसाइकिल पर सवार होकर ड्यूटी के लिए निकला था। जैसे ही वह उन्हानी स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हरिओम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही कनीना फॉरेस्ट विभाग के सब इंस्पेक्टर तथा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल हरिओम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story