नारनौल में बिजली संकट से नाराज ग्रामीणों ने लगाया जाम
गिरे बिजली पोल नहीं बदले जाने पर प्रदर्शन, यात्रियों को परेशानी
नारनाैल, 29 मई (हि.स.)। नारनौल क्षेत्र में लगातार बनी हुई बिजली समस्या को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। हरनाथ की ढाणी के ग्रामीणों ने बायल के मुख्य गेट पर सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि करीब एक महीने पहले आई आंधी में इलाके के कई बिजली पोल गिर गए थे, लेकिन बिजली निगम अब तक स्थायी समाधान नहीं कर पाया।
ग्रामीणों ने बताया कि आंधी के बाद बिजली निगम की ओर से पोल लगाने का कार्य एक ठेकेदार को सौंपा गया था। इस दौरान मौके पर रखे बिजली के तार चोरी हो गए, जिसके कारण काम अधूरा रह गया। बाद में गांव में अस्थायी व्यवस्था के सहारे बिजली आपूर्ति शुरू की गई थी, लेकिन बीते दिन फिर तेज आंधी आने से दोबारा कई बिजली पोल गिर गए।
इसके बाद पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था ठप हो गई। बिजली आपूर्ति बंद होने से गांव में पेयजल संकट भी गहरा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली नहीं होने के कारण पानी की मोटरें बंद पड़ी हैं, जिससे घरों में पानी की भारी किल्लत हो रही है। लगातार परेशानी से नाराज ग्रामीण शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में बायल के मुख्य गेट पर पहुंच गए और सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया।
प्रदर्शन के दौरान रोडवेज बसों और अन्य वाहनों को भी आगे नहीं जाने दिया गया। बसों में सफर कर रहे यात्रियों को बीच रास्ते में ही उतरना पड़ा, जिससे उन्हें भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर जल्द बिजली व्यवस्था बहाल करवाने और नए बिजली पोल लगवाने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे दोबारा बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

