नारनौल में शराब कारोबारी के ठिकाने पर ईडी की रेड

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में शराब कारोबारी के ठिकाने पर ईडी की रेड


नारनाैल, 03 नवंबर (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को नारनौल में शराब कारोबारी अंकुश गोयल के ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई गुरुग्राम में दिसंबर 2025 में सामने आए करीब 10 करोड़ रुपये के अवैध विदेशी शराब मामले से जुड़ी बताई जा रही है। मामले में अंकुश गोयल का नाम सामने आया था। हालांकि, ईडी की कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम पुलिस ने दिसंबर 2025 में सिग्नेचर टावर स्थित 'द ठेका' नामक शराब की दुकान पर छापेमारी की थी। इस दौरान पुलिस ने मौके से विदेशी शराब की 3921 पेटियां और 176 खुली बोतलें बरामद की थीं। बरामद शराब की कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी गई थी।

जांच के दौरान शराब की बोतलों पर अनिवार्य होलोग्राम और ट्रैक-ट्रेस स्ट्रिप्स नहीं पाए गए थे। इनके अभाव में शराब की वैधता और उसके स्रोत को लेकर सवाल खड़े हुए थे। पुलिस ने आबकारी नियमों के उल्लंघन सहित विभिन्न पहलुओं पर जांच की थी।

मामले में अंकुश गोयल को शराब दुकान का सह-मालिक बताया गया था। रिपोर्टों के अनुसार, दुकान में उसकी 25 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। वह नारनौल के गुरु नानक मोहल्ले का निवासी है। गुरुग्राम पुलिस ने जांच के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा आबकारी विभाग के एक अधिकारी को भी निलंबित किए जाने की जानकारी सामने आई थी।

पुलिस ने अंकुश गोयल को राजस्थान के झुंझुनूं से गिरफ्तार किया था। जनवरी 2026 में गुरुग्राम कोर्ट ने उसकी जमानत याचिका भी खारिज कर दी थी।

अब ईडी की छापेमारी को इसी पुराने मामले की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मंगलवार को किन ठिकानों पर तलाशी ली गई और क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री जब्त की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771743 Articles

Share this story