नारनौल की बखरीजा खदान में डंपर पलटा, चालक की मौत
नारनाैल, 05 नवंबर (हि.स.)। नांगल चौधरी क्षेत्र की बखरीजा माइन नंबर-दो में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। खदान में जा रहा एक डंपर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे में डंपर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान निजामपुर के रूप सराय गांव निवासी करीब 40 वर्षीय भगराम के रूप में हुई है। हादसे के बाद खनन क्षेत्र में काम करने वाले अनेक डंपर चालक और कर्मचारियों ने मौके पर एकत्र होकर प्रदर्शन किया। उन्होंने खदान में जाने वाले रास्ते को हादसे का कारण बताते हुए उसे ठीक कराने की मांग की।
पुलिस के अनुसार भगराम गुरुवार को अपना डंपर लेकर बखरीजा माइन नंबर-दो में जा रहा था। इसी दौरान खदान में बने रास्ते पर डंपर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। डंपर के नीचे दबने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर के नीचे दबे चालक के शव को बाहर निकलवाया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे डंपर चालकों और अन्य कर्मचारियों ने खदान में जाने वाले रास्ते की खराब हालत को लेकर रोष जताया। उन्होंने कुछ देर तक शव नहीं उठाने दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि खदान में जाने के लिए जेसीबी से पहाड़ काटकर रास्ता बनाया गया है, जो बेहद संकरा और खतरनाक है। इस रास्ते पर भारी डंपर चलाना जोखिम भरा है। रास्ते को ठीक कराने के लिए कई बार खदान संचालकों से शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। सूचना मिलने पर नांगल चौधरी और निजामपुर थाना प्रभारी तथा डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण मौके पर पहुंचे। डीएसपी ने प्रदर्शनकारियों को समझाया और खदान संचालकों से बातचीत कर रास्ता ठीक कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नारनौल नागरिक अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद खनन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

