नारनौल में 20 नशा तस्कर काबू, छह केमिस्ट दुकानों के लाइसेंस निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में 20 नशा तस्कर काबू, छह केमिस्ट दुकानों के लाइसेंस निलंबित


नारनाैल, 03 जून (हि.स.)। जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान तेज कर दिया है। नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ इस सामाजिक बुराई के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। यह बात उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बुधवार को लघु सचिवालय में आयोजित नशा मुक्त भारत अभियान एवं एनकॉर्ड की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में कही। बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक भी मौजूद रहे।

उपायुक्त ने जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के विजन के अनुरूप जिले में नशे की रोकथाम के लिए व्यापक रणनीति पर काम किया जा रहा है। इसके तहत कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। बैठक में बताया गया कि जिला पुलिस ने मई माह के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 10 मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में कार्रवाई करते हुए 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा जिले के टॉप-10 नशा तस्करों और टॉप-10 नशा प्रभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों की पहचान कर उन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार नशे के खिलाफ बहुस्तरीय प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार स्वास्थ्य विभाग तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा नशा पीड़ितों के पुनर्वास के लिए जिला स्तर पर नशा मुक्ति केंद्रों को मजबूत किया जा रहा है। वर्तमान में जिले में तीन नशा मुक्ति केंद्र संचालित हैं, जहां प्रभावित लोगों को उपचार और परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। ड्रग्स के अवैध व्यापार पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत 51 केमिस्ट दुकानों का निरीक्षण किया गया, जबकि नियमों के उल्लंघन पर छह दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी केमिस्ट दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं और कम से कम तीन माह की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story