नारनाैल में युवाओं ने लिया नशा मुक्त भारत का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल में युवाओं ने लिया नशा मुक्त भारत का संकल्प


नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और कौशल विकास में ऊर्जा लगाने का आह्वान

नारनाैल, 14 सितंबर (हि.स.)। बाबा खेतानाथ राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में सोमवार को प्राचार्य अनिल यादव की अध्यक्षता में ‘नशा मुक्त युवा एवं विकसित भारत युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना रहा।

प्राचार्य अनिल यादव ने कहा कि कॉलेज विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता, नशा मुक्ति, युवा सहभागिता, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों को लगातार बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, जिससे उनमें नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच विकसित हो।

कार्यक्रम में युवा आइकन हरिश शर्मा ने नशा मुक्ति विषय पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उन्होंने युवाओं को नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जागरूक किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, कौशल विकास तथा समाज सेवा जैसे सकारात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान कॉलेज में उपस्थित सभी युवाओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराया गया। इसके अलावा विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति विषय पर आयोजित स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने रचनात्मक विचारों के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।

सक्रिय सहभागिता और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा और जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी इंजीनियर प्रशांत कुमार ने भी युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story