महेंद्रगढ़ में ड्राइविंग प्रैक्टिस जोन शुरू, युवाओं को मिलेगा सुरक्षित प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
महेंद्रगढ़ में ड्राइविंग प्रैक्टिस जोन शुरू, युवाओं को मिलेगा सुरक्षित प्रशिक्षण


विधायक कंवर सिंह यादव ने किया शुभारंभ, निशुल्क सुविधा और प्रशिक्षक भी रहेंगे उपलब्ध

नारनाैल, 04 जून (हि.स.)। जिले में सड़क सुरक्षा और बेहतर ड्राइविंग प्रशिक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव ने ड्राइविंग प्रैक्टिस जोन का शुभारंभ किया। इस मौके पर उपायुक्त अनुपमा अंजली, एसडीएम योगेश सैनी और एएसपी फैजल खान सहित अनेक अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि यह ड्राइविंग प्रैक्टिस जोन वाहन चलाना सीखने वाले युवाओं और आम नागरिकों के लिए अत्यंत लाभदायक साबित होगा। उन्होंने कहा कि अधिकांश लोग वाहन चलाना सीखने के दौरान सार्वजनिक सड़कों का उपयोग करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में सुरक्षित वातावरण में अभ्यास की सुविधा मिलने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और नए चालक बेहतर तरीके से वाहन संचालन सीख सकेंगे।

उपायुक्त अनुपमा अंजली ने कहा कि होंडा कंपनी द्वारा विकसित यह ड्राइविंग प्रैक्टिस जोन आमजन के लिए एक उपयोगी और सराहनीय पहल है। उन्होंने बताया कि यहां वाहन चलाने का प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही प्रशिक्षित इंस्ट्रक्टर भी मौजूद रहेंगे, जो नए चालकों को सुरक्षित और नियमों के अनुरूप वाहन संचालन की जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को व्यवस्थित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने में यह केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे युवाओं को ड्राइविंग कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा और वे अधिक आत्मविश्वास के साथ वाहन चला सकेंगे। इस अवसर पर सचिमी ताकता, विनय ढींगरा, राजीव तनेजा, प्रभुनागराज तथा संदीप कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story