नारनौल में पेयजल और सीवरेज व्यवस्था पर खर्च होंगे 191.77 करोड़ रुपये

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में पेयजल और सीवरेज व्यवस्था पर खर्च होंगे 191.77 करोड़ रुपये


नारनाैल, 21 नवंबर (हि.स.)। नारनौल शहर और विधानसभा क्षेत्र के गांवों में पेयजल एवं सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 191 करोड़ 77 लाख रुपये की तीन योजनाओं के टेंडर जारी किए गए हैं। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से जारी टेंडरों के तहत शहर की जलापूर्ति, सीवरेज विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा।

विधायक ओम प्रकाश यादव ने शनिवार को बताया कि इन योजनाओं के पूरा होने से शहर और आसपास के गांवों के लोगों को राहत मिलेगी। विधायक ने बताया कि शहर की जलापूर्ति व्यवस्था पर 149.11 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, 23.61 करोड़ रुपये से सीवरेज व्यवस्था का विस्तार होगा। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधाओं के लिए 19.05 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि योजनाओं के तहत शहर और नए शामिल क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति क्षमता बढ़ाई जाएगी। पुरानी जलापूर्ति व्यवस्था और बूस्टिंग स्टेशनों का नवीनीकरण किया जाएगा।

फिलहाल शहर में तीन नहर आधारित जलघर संचालित हैं। इनमें रेवाड़ी रोड जलघर से 4.50 एमएलडी, नसीबपुर नए जलघर से 16.50 एमएलडी और नसीबपुर पुराने जलघर से 1.75 एमएलडी पानी की आपूर्ति होती है। इसके अलावा शहर में दो मुख्य और 16 छोटे बूस्टिंग स्टेशन तथा 45 गहरे ट्यूबवेल हैं। इनमें 19 शहर और 26 नए शामिल नौ गांवों में स्थित हैं।

विधायक ने बताया कि ग्रामीण पेयजल योजना के तहत गांवों की गलियों में करीब 63 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जाएगी। जलघरों से बूस्टिंग स्टेशनों तक साफ पानी पहुंचाने के लिए मुख्य पाइपलाइन भी डाली जाएगी। इस योजना का सीधा लाभ 16 ग्राम पंचायतों को मिलेगा। बढ़ती आबादी और शहरी सीमा के विस्तार को देखते हुए इन योजनाओं को तैयार किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781028 Articles

Share this story