नारनौल में गैस पर घमासानः कागज़ों में सप्लाई दुरुस्त, ज़मीनी हकीकत अलग

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में गैस पर घमासानः कागज़ों में सप्लाई दुरुस्त, ज़मीनी हकीकत अलग


नारनौल में घरेलू सिलेंडर की मारामारी, कमर्शियल गैस की कमी से छोटे दुकानदार परेशान

नारनाैल, 18 मार्च (हि.स.)। नारनौल में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। हालात ऐसे हैं कि आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे दुकानदार भी गैस की कमी से जूझ रहे हैं। कमर्शियल सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता न होने के कारण कई छोटे व्यापारियों को अपनी दुकानें तक बंद करनी पड़ रही हैं।

शहर में अनेक दुकानदारों ने बुधवार को गैस सिलेंडरों की सप्लाई ना मिलने के कारण अपनी दुकानें बंद रखी। दुकानदारों का कहना है कि गैस न मिलने के कारण उन्हें कारोबार बंद करना पड़ रहा है, जिससे रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ रहा है। पिछले कुछ दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित है। ऐसे में चाय-नाश्ते की दुकानें, ढाबे और छोटे होटल संचालक सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुछ लोग घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कामों में करने लगे हैं, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं को भी समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा। इसके चलते शहर में घरेलू सिलेंडरों की मांग अचानक बढ़ गई है और मारामारी जैसे हालात बन गए हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस एजेंसियों पर कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति जल्द से जल्द सामान्य की जाए, ताकि उनका व्यवसाय फिर से पटरी पर लौट सके।

दूसरी ओर उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि जिला महेंद्रगढ़ में रसोई गैस की कोई किल्लत नहीं है और जिले की सभी 21 गैस एजेंसियों के पास पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। नागरिक गैस आपूर्ति को लेकर पूरी तरह निश्चिंत रहें क्योंकि प्रशासन लगातार इसकी निगरानी कर रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आवश्यकतानुसार ही बुकिंग कराएं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story