नारनौल : 750 से अधिक कुत्तों को पकड़कर शेल्टर होम भेजा
नसबंदी का कार्य युद्धस्तर पर जारी
नारनौल, 21 फ़रवरी (हि.स.)। जिला के शहरी क्षेत्रों तथा सार्वजनिक स्थानों में आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनकी नसबंदी का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
जिला नगर आयुक्त रणवीर सिंह ने शनिवार काे बताया कि अब तक जिले की विभिन्न नगर पालिकाओं और नगर परिषदों के तहत कुल 756 कुत्तों को पकड़ा जा चुका है। उन्होंने बताया कि नगरपालिका नांगल चौधरी में अब तक सर्वाधिक 375 कुत्तों को पकड़ा गया है और इन सभी की नसबंदी का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। इसी प्रकार नगरपालिका कनीना में तीन फरवरी से शुरू हुए अभियान के तहत अब तक 280 कुत्ते पकड़े गए हैं, जिनमें से 260 कुत्तों की नसबंदी की जा चुकी है।
नगर पालिका अटेली मंडी में अब तक 101 कुत्ते पकड़े गए हैं और 95 कुत्तों की नसबंदी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
जिला नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में सभी संबंधित नगर निकायों के विभिन्न वार्डों में कार्य निरंतर जारी है और इसे तब तक चलाया जाएगा, जब तक कि लक्ष्य प्राप्त न हो जाए।
उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे इस सुरक्षा अभियान में प्रशासन का सहयोग करें ताकि जिले को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सके। डीएमसी ने बताया कि अगर कोई इस अभियान में रुकावट डालेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि नगर परिषद ने लगभग 1550 कुत्तों को पकड़ने, उनकी नसबंदी और टीकाकरण के लिए टेंडर एक निजी एजेंसी को दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

