नारनाैल में 100 साल पुरानी जर्जर हवेली भरभराकर गिरी, बड़ा हादसा टला
हादसे के बाद प्रशासन ने जर्जर हवेलियों के मालिकों को चेताया
नारनाैल, 08 अगस्त (हि.स.)। जिले के गांव छिलरो में शनिवार सुबह करीब 100 वर्ष पुरानी जर्जर हवेली का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हवेली का मलबा रास्ते के पास खड़े बिजली के खंभे से जा टकराया, जिससे बिजली का पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय रास्ते से कोई व्यक्ति नहीं गुजर रहा था और मलबे की चपेट में आने से बड़ा हादसा टल गया।
हवेली का हिस्सा गिरने की सूचना मिलते ही ग्राम सरपंच विक्रम पहलवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने मजदूरों की सहायता से रास्ते में पड़े मलबे को हटवाकर दूसरी जगह डलवाया, जिससे आवागमन सुचारु हो सका। हादसे के बाद ग्रामीणों में गांव में मौजूद अन्य जर्जर हवेलियों को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। सरपंच ने बताया कि जिस हवेली का हिस्सा गिरा है, उसमें करीब 60 लोगों की हिस्सेदारी है। अधिकांश हिस्सेदार गांव में दूसरी जगह मकान बनाकर रहने लगे हैं, जबकि कुछ परिवार शहरों में बस चुके हैं। गांव में ऐसी कई पुरानी हवेलियां हैं, जिनमें वर्षों से कोई नहीं रहता। कुछ हवेलियों में केवल एक-दो परिवार रह रहे हैं और अन्य हिस्सेदार नए मकानों में चले गए हैं।
हादसे के बाद ग्राम चौकीदार के माध्यम से पूरे गांव में मुनादी करवाई गई। जर्जर हवेलियों के मालिकों और हिस्सेदारों से समय रहते उनकी मरम्मत करवाने अथवा सुरक्षित तरीके से गिरवाने की अपील की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि जर्जर भवन से भविष्य में जान-माल का नुकसान होने पर संबंधित हिस्सेदार जिम्मेदार होंगे। बिजली विभाग के एसडीओ अमित ने बताया कि मलबा गिरने से बिजली का एक पोल क्षतिग्रस्त हुआ है। इसे जल्द बदलवाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

