नारनौलः स्वच्छता के साथ ‘देसी खाद क्रांति’ से गांवों की बदलेगी तस्वीर : सांसद धर्मबीर

WhatsApp Channel Join Now
नारनौलः स्वच्छता के साथ ‘देसी खाद क्रांति’ से गांवों की बदलेगी तस्वीर : सांसद धर्मबीर


नारनाैल, 03 अप्रैल (हि.स.)। भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद धर्मवीर सिंह ने कहा है कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए अब गांवों में स्वच्छता के साथ-साथ समृद्धि का नया मॉडल तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप गांवों में यूरिया के विकल्प के रूप में देसी खाद को बढ़ावा दिया जाएगाए जिससे कृषि को मजबूती मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण भी सुनिश्चित होगा।

सांसद धर्मवीर शुक्रवार को नारनौल स्थित पंचायत भवन में आयोजित डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कोऑर्डिनेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि पंचायतों की खाली जमीन पर:विकसित भारत जी-राम जी योजना’ के तहत गड्ढे खोदकर जैविक खाद तैयार की जाएगी। इससे गांवों में कचरे का बेहतर प्रबंधन होगा और स्वच्छता के साथ किसानों को सस्ती व उपयोगी खाद उपलब्ध होगी। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत ठोस व तरल कचरा प्रबंधन परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और अंतिम व्यक्ति तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करना है। मनरेगा के तहत जिले में जल संरक्षण, भूमि विकास और ग्रामीण संपर्क जैसे कार्यों पर चालू वित्त वर्ष में करीब 896 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। वहीं, अमृत सरोवर योजना के तहत जिले के सभी 80 चिन्हित तालाबों पर कार्य शुरू हो चुका है, जिनमें से कई पूरे भी हो चुके हैं।

सांसद ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की सराहना करते हुए बताया कि वर्ष 2024-25 के लिए निर्धारित 1258 घरों के लक्ष्य के मुकाबले 1203 घर स्वीकृत किए जा चुके हैं। इसके अलावा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 1800 से अधिक स्वयं सहायता समूह महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इस बैठक में विधायक कंवर सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ यतेंद्र राव व नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story