नारनौल से गुरुग्राम के बीच डेमो ट्रेन चलाने की उठी मांग

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल से गुरुग्राम के बीच डेमो ट्रेन चलाने की उठी मांग


रेल मंत्री के नाम स्टेशन अधीक्षक को सौंपा मांग पत्र, कटरा-हरिद्वार के लिए सुपरफास्ट ट्रेन की मांग

नारनाैल, 28 सितंबर (हि.स.)। क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और दैनिक यात्रियों की समस्याओं के समाधान को लेकर दैनिक रेलयात्री जागरूक मंच नारनौल-अटेली एवं प्रगतिशील शिक्षण ट्रस्ट की ओर से सोमवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नाम स्टेशन अधीक्षक महावीर प्रसाद को मांग पत्र सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए नारनौल से गुरुग्राम के बीच सुबह और शाम दैनिक डेमो ट्रेन चलाने की मांग प्रमुखता से रखी।

दैनिक रेलयात्री जागरूक मंच के उपाध्यक्ष महेश बाखलिया ने कहा कि नारनौल, अटेली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों लोग रोजगार, व्यापार, शिक्षा और अन्य कार्यों के लिए प्रतिदिन रेवाड़ी और गुरुग्राम की ओर आवागमन करते हैं। सीधी रेल सेवा उपलब्ध होने से इन यात्रियों को काफी राहत मिल सकती है। उन्होंने कहा कि सुबह और शाम के समय यात्रियों की संख्या अधिक रहती है, इसलिए इन समयों में डेमो ट्रेन चलाना उपयोगी रहेगा।

प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर से माता वैष्णो देवी कटरा और हरिद्वार के लिए सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग भी रखी। सदस्यों ने कहा कि ऐसी रेल सेवा शुरू होने से नारनौल, अटेली और रेवाड़ी क्षेत्र के यात्रियों को धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

दैनिक रेलयात्री जागरूक मंच के अध्यक्ष अशोक कटारिया ने कहा कि मंच लगातार यात्रियों की समस्याओं को रेलवे प्रशासन और सरकार तक पहुंचा रहा है। साथ ही नारनौल रेलवे स्टेशन को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। इस मौके पर प्रगतिशील शिक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. संजय शर्मा, शिक्षाविद डॉ. जितेंद्र भारद्वाज, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रधान भीमसेन शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story