नारनाैल से नई रेल सेवाएं शुरू करने की उठी मांग, प्रधानमंत्री व रेल मंत्री को भेजा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल से नई रेल सेवाएं शुरू करने की उठी मांग, प्रधानमंत्री व रेल मंत्री को भेजा ज्ञापन


नारनाैल, 30 जून (हि.स.)। नारनौल में बेहतर रेल सुविधाओं की मांग को लेकर मंगलवार को आजाद चौक युवा संगठन ने स्टेशन अधीक्षक के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नाम ज्ञापन सौंपा।

संगठन ने क्षेत्र के युवाओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों की सुविधा के लिए नई रेल सेवाएं शुरू करने तथा लंबित मांगों को जल्द पूरा करने का आग्रह किया।

ज्ञापन में संगठन ने दैनिक रेल यात्री कल्याण संघ, नारनौल द्वारा लंबे समय से उठाई जा रही रेल संबंधी मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि महेंद्रगढ़ जिले के विकास, रोजगार, व्यापार और शिक्षा के लिए बेहतर रेल संपर्क समय की आवश्यकता है। संगठन का कहना है कि मजबूत रेल नेटवर्क से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

संगठन ने प्रमुख रूप से जयपुर-रींगस-नीमकाथाना-नारनौल-रेवाड़ी-दिल्ली मार्ग से हरिद्वार और श्री माता वैष्णो देवी (कटरा) तक नई दैनिक रेल सेवा शुरू करने की मांग रखी। इसके अलावा दिल्ली, कोटा, इंदौर, भोपाल तथा दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों के लिए नारनौल-रेवाड़ी मार्ग से नई रेल सेवा संचालित करने का भी आग्रह किया, ताकि यात्रियों को सीधे रेल संपर्क का लाभ मिल सके।

ज्ञापन में ट्रेन संख्या 22451/22452 बांद्रा टर्मिनस-चंडीगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस का दैनिक संचालन शुरू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। संगठन का कहना है कि इससे मुंबई, चंडीगढ़ और पश्चिम भारत के अन्य प्रमुख शहरों के लिए नियमित एवं सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story