नारनाैल: निजामपुर स्टेशन पर रुणिचा एक्सप्रेस समेत प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की उठी मांग

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: निजामपुर स्टेशन पर रुणिचा एक्सप्रेस समेत प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की उठी मांग


नारनाैल, 06 सितंबर (हि.स.)। दैनिक रेलयात्री जागरूक मंच ने निजामपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर रविवार को अभियान चलाया। मंच पदाधिकारियों ने रेलवे प्रशासन से यात्रियों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। मंच पदाधिकारियों ने बताया कि निजामपुर रेलवे स्टेशन आसपास के 10 से 12 गांवों के लोगों के लिए प्रमुख रेल स्टेशन है। क्षेत्र से बड़ी संख्या में दैनिक यात्री दिल्ली, जयपुर सहित अन्य शहरों में आवागमन करते हैं। इसके बावजूद स्टेशन पर पर्याप्त यात्री सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं और कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव भी नहीं है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

मंच ने रेलवे प्रशासन से रुणिचा एक्सप्रेस और टनकपुर-दौराई एक्सप्रेस का निजामपुर स्टेशन पर नियमित ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि इन ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण यात्रियों को दूसरे स्टेशनों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय और आर्थिक खर्च वहन करना पड़ता है। ट्रेनों के ठहराव से आसपास के गांवों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

पदाधिकारियों ने करीब 50 किलोमीटर क्षेत्र से जुड़े इंटरलॉकिंग कार्य में हो रही देरी पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह कार्य लंबे समय से लंबित है। इसे जल्द पूरा किए जाने से क्षेत्र की रेल व्यवस्था बेहतर होने के साथ यात्री सुविधाओं में भी सुधार होगा। मंच ने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का शीघ्र विस्तार करने और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी देने की मांग की। अभियान के दौरान मंच अध्यक्ष अशोक कटारिया, उपाध्यक्ष महेश बखालिया, सचिव मनीष कोली सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story