महेंद्रगढ़ में गर्म पानी से झुलसी दो साल की बच्ची की मौत

WhatsApp Channel Join Now
महेंद्रगढ़ में गर्म पानी से झुलसी दो साल की बच्ची की मौत


नारनाैल, 19 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के एक गांव में गर्म पानी से झुलसी दो साल की बच्ची की उपचार के दौरान मौत हो गई। बच्ची को झुलसाने का आरोप उसके पिता पर लगा है। घटना नौ अक्टूबर की बताई जा रही है। गंभीर रूप से झुलसने के बाद बच्ची को उपचार के लिए पहले नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ और फिर रोहतक पीजीआईएमएस में भर्ती कराया गया था।

करीब आठ दिन तक उपचार चलने के बाद बच्ची ने दम तोड़ दिया। सोमवार को सदर थाना महेंद्रगढ़ के प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि बच्ची नौ अक्टूबर को गर्म पानी से झुलस गई थी। आरोप है कि उसके ऊपर गर्म पानी डाला गया था, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। घटना के बाद परिजन उसे तुरंत नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आगे के उपचार के लिए रेफर कर दिया।

इसके बाद परिजन बच्ची को रोहतक स्थित पीजीआईएमएस लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में बच्ची का उपचार किया जा रहा था। परिजनों को उम्मीद थी कि बच्ची की हालत में सुधार होगा और वह स्वस्थ होकर घर लौट आएगी, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद परिवार में दुख का माहौल है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने नियमानुसार पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्ची किन परिस्थितियों में झुलसी थी और घटना के लिए कौन जिम्मेदार है। पिता पर लगे आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763454 Articles

Share this story