नारनाैल: जैसलमेर से घर लौटते समय बीएसएफ इंस्पेक्टर की मौत

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: जैसलमेर से घर लौटते समय बीएसएफ इंस्पेक्टर की मौत


नारनाैल, 03 नवंबर (हि.स.)। नारनौल के रहने वाले सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के इंस्पेक्टर विनोद कुमार (59) का रिटायरमेंट से महज दो महीने पहले निधन हो गया। वे दिवाली की छुट्टी पर ट्रेन से अपने पैतृक गांव भूषण कलां लौट रहे थे। रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ने से वे बेहोश हो गए। सोमवार शाम को पैतृक गांव में सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन से गांव में शोक की लहर है।

विनोद कुमार वर्ष 1987 में बीएसएफ में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। करीब चार दशक के सेवाकाल में उन्होंने देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाई। वर्तमान में उनकी तैनाती राजस्थान के जैसलमेर में बीएसएफ की 35वीं बटालियन में थी। उनकी रिटायरमेंट 31 दिसंबर 2026 को होनी थी।

जानकारी के अनुसार, दाे नवंबर को विनोद कुमार जैसलमेर से ट्रेन के जरिए अपने पैतृक गांव भूषण कलां आ रहे थे। उन्हें नारनौल रेलवे स्टेशन पर उतरना था, लेकिन रास्ते में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे ट्रेन में ही बेहोश हो गए। इस कारण वे नारनौल स्टेशन पर नहीं उतर पाए।

इसके बाद परिजनों ने रेलवे पुलिस से संपर्क कर उन्हें पूरी जानकारी दी। तलाश और जांच के प्रयासों के बाद रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर उनकी स्थिति का पता चला। मौके पर चिकित्सकों को बुलाया गया, जहां जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

विनोद कुमार का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव भूषण कलां लाया गया। सोमवार शाम को बीएसएफ की 95वीं बटालियन, भोंडसी से इंस्पेक्टर भागचंद के नेतृत्व में जवानों की टीम गांव पहुंची। जवानों ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम सलामी दी। इसके बाद गांव के श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। देश की सेवा में करीब 39 वर्ष बिताने वाले विनोद कुमार का असमय निधन परिवार और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771743 Articles

Share this story