नारनाैल: 235 रुपये का रिचार्ज पड़ा महंगा, खाते से निकले 98 हजार रुपये

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: 235 रुपये का रिचार्ज पड़ा महंगा, खाते से निकले 98 हजार रुपये


नारनाैल, 30 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव मारोली में सस्ते मोबाइल रिचार्ज प्लान के विज्ञापन के झांसे में आकर एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने उसके बैंक खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए। हैरानी की बात यह है कि खाते से रकम निकलने के बावजूद पीड़ित के मोबाइल पर बैंक की ओर से कोई मैसेज नहीं आया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि निजामपुर थाना क्षेत्र के गांव मारोली निवासी राजेश कुमार ने शिकायत में बताया कि उसने मोबाइल पर सस्ते रिचार्ज प्लान का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन के माध्यम से उसने संबंधित एप्लीकेशन खोली और 235 रुपये का रिचार्ज किया।

रिचार्ज करने के कुछ समय बाद उसका मोबाइल अचानक हैंग होकर बंद हो गया। उस समय उसने इसे सामान्य तकनीकी समस्या समझकर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। अगले दिन लगभग उसी समय उसका मोबाइल अपने आप स्विच ऑफ और ऑन होने लगा। लगातार ऐसा होने पर उसे मोबाइल हैक होने का संदेह हुआ।

इसके बाद जब उसने अपने बैंक खाते की जांच की तो पता चला कि खाते से 98 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं। पीड़ित ने बताया कि न तो खाते में रकम आने का कोई मैसेज मिला और न ही पैसे निकलने की सूचना मोबाइल पर आई।

राजेश कुमार बैंक पहुंचा और खाते की स्टेटमेंट निकलवाई, तब उसे धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद उसने 29 अक्टूबर को निजामपुर थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई राकेश को सौंपी गई है। पुलिस साइबर ठगी के तरीके और लेनदेन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769436 Articles

Share this story