नारनौल में बदहाल सड़क पर फूटा गुस्साः कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रशासन को चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में बदहाल सड़क पर फूटा गुस्साः कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रशासन को चेतावनी


चरणबद्ध निर्माण की मांग, जल्द सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी

नारनाैल, 03 अप्रैल (हि.स.)। नारनौल शहर में पुल बाजार से महावीर चौक तक निर्माणाधीन सड़क की खराब स्थिति को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सत्यवीर यादव झुकिया एडवोकेट के नेतृत्व में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और सड़क का निरीक्षण कर प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। इसके बाद उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की गई।

प्रदर्शन के दौरान सत्यवीर यादव झुकिया ने शुक्रवार को कहा कि करीब एक माह पूर्व भी जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर सड़क निर्माण कार्य को सुनियोजित ढंग से करने की मांग की गई थी। उन्होंने सुझाव दिया था कि सड़क को एक साथ पूरी तरह उखाड़ने के बजाय चरणबद्ध तरीके से निर्माण किया जाएए ताकि दुकानदारों और आम नागरिकों को कम परेशानी हो। लेकिन प्रशासन ने उनकी इस मांग को नजरअंदाज कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क को खोदकर बीच में ही छोड़ दिया गया है, जिससे हालात बेहद खराब हो गए हैं। जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं और उनमें सीवरेज का गंदा पानी भरा हुआ है। इससे राहगीरोंए दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापार भी प्रभावित हो रहा है और लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया और निर्माण कार्य को व्यवस्थित रूप से पूरा नहीं किया गया, तो पार्टी बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस मौके पर किसान कांग्रेस के नेशनल कोऑर्डिनेटर कृष्ण यादव, रिटायर्ड सेशन जज राकेश यादव, संगठन महासचिव मंजीत यादव एडवोकेट, प्रदीप यादव एडवोकेट, सुमेर सिंह चेयरमैन, कवींद्र एडवोकेट, राजवती बडेसरा दलाल, डॉ धीरज शर्मा, प्रोफेसर राजवीर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story