नारनाैल: कांग्रेस वोट चोरी के नाम पर जनता को गुमराह कर रही : गंगवा

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: कांग्रेस वोट चोरी के नाम पर जनता को गुमराह कर रही : गंगवा


नारनाैल, 30 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के लोकनिर्माण एवं जन स्वास्थ्य मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि कांग्रेस वोट चोरी के नाम पर लोगों को गुमराह कर रही है। देश में कहीं भी वोटों की चोरी नहीं हुई है, बल्कि कांग्रेस का जनाधार लगातार गिर रहा है। इसी वजह से उसे कम वोट मिल रहे हैं और वह हार का ठीकरा वोट चोरी पर फोड़ रही है।

मंत्री रणबीर सिंह गंगवा शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस नारनौल में भाजपा के लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ कार्यक्रम के तहत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर कांग्रेस लोगों के बीच गलत प्रचार कर रही है। एसआईआर पहली बार नहीं हो रहा है, बल्कि देश में अब तक 11 बार हो चुका है और इस बार 12वीं बार किया जा रहा है। इनमें से 10 बार कांग्रेस की सरकार के समय एसआईआर हुआ था।

उन्होंने कहा कि एसआईआर के तहत मृत व्यक्तियों, देश के बाहरी लोगों और डुप्लीकेट वोटों को मतदाता सूची से हटाया जाता है। कांग्रेस को बताना चाहिए कि क्या वह ऐसे वोटों के आधार पर सरकार बनाना चाहती है। गंगवा ने राहुल गांधी पर विदेशों में जाकर देश की छवि खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी भी उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आंदोलनों में अपने लोगों को भेजकर युवाओं से अभद्र भाषा का प्रयोग करवाती है, जो देश की सभ्यता और संस्कृति के खिलाफ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769436 Articles

Share this story