नारनौलः मुख्यमंत्री ने समाधान शिविर में सुनी जनता की फरियाद, तुरंत कार्रवाई के निर्देश
62 परिवादियों से किया सीधा संवाद, राशन कार्ड मामले में आय सत्यापन के आदेश, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
नारनाैल, 09 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को आयोजित समाधान शिविर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लेते हुए प्रदेशभर के परिवादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों के नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी शिकायतों का जायजा लिया। आज के शिविर में कुल 62 नागरिकों ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।
इसी क्रम में जिला महेंद्रगढ़ के अटेली क्षेत्र से पहुंची ललिता की राशन कार्ड संबंधी शिकायत पर मुख्यमंत्री ने गंभीरता से संज्ञान लिया। उन्होंने उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार को निर्देश दिए कि संबंधित परिवार की आय का दोबारा सत्यापन कराया जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि यदि जांच के दौरान महिला निर्धारित आय सीमा के भीतर पात्र पाई जाती है, तो बिना किसी देरी के उसका राशन कार्ड बनाया जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के तुरंत बाद उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को फील्ड रिपोर्ट तैयार करने और पारदर्शी तरीके से इनकम वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी करने के आदेश दिए। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि मामले में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। समाधान शिविर के बाद अधिकारियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि यह शिविर हरियाणा सरकार का एक अत्यंत प्रभावी मंच है, जहां आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर शिकायत को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लिया जाए, क्योंकि मुख्यमंत्री स्वयं इन शिविरों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं।
उपायुक्त ने चेतावनी दी कि यदि किसी अधिकारी द्वारा लापरवाही बरती गई, तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर डीएसपी सुरेश कुमार, डीएमसी रणवीर सिंह और नगराधीश डॉ मंगल सेन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

