नारनौल में ‘भावी प्रधानमंत्री’ कहने पर सीएम सैनी हुए नाराज

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में ‘भावी प्रधानमंत्री’ कहने पर सीएम सैनी हुए नाराज


मंच से जेपी सैनी की टिप्पणी पर मुख्यमंत्री ने तुरंत टोका, प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम भी टला

नारनाैल, 17 सितंबर (हि.स.)। सैनी सभा की ओर से गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में उस समय स्थिति चर्चा का विषय बन गई, जब सभा के पूर्व प्रधान जेपी सैनी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को मंच से संबोधित करते हुए उन्हें ‘भावी प्रधानमंत्री’ कह दिया। मुख्यमंत्री ने तत्काल इस टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए उन्हें बीच में ही टोका और इस तरह की बात नहीं कहने के लिए कहा।

कार्यक्रम में जेपी सैनी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करने के बाद उनके समर्थन में लोगों में जोश भरते हुए उनकी तारीफ की। इसी दौरान उन्होंने नायब सिंह सैनी को ‘भावी प्रधानमंत्री’ की संज्ञा दी। मुख्यमंत्री ने उन्हें रोकते हुए ऐसी टिप्पणी से बचने को कहा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने जेपी सैनी को अपने पास बुलाकर भी इस संबंध में समझाया। घटना के बाद कार्यक्रम में मंच संचालन की जिम्मेदारी भी बदल दी गई। मौके पर मौजूद लोगों के बीच काफी देर तक यह चर्चा का विषय बनी रही।

मुख्यमंत्री के नारनौल दौरे के दौरान सैनी सभा की ओर से महाराजा शूर सैनी की प्रतिमा के अनावरण का कार्यक्रम भी प्रस्तावित था। प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम में भी प्रतिमा अनावरण की जानकारी दी गई थी। हालांकि गुरुवार को मुख्यमंत्री ने प्रतिमा का अनावरण नहीं किया। प्रस्तावित कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया। इसके पीछे का आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया गया है। समाज के लोगों के अनुसार, प्रतिमा के अनावरण को लेकर पहले भी चर्चा होती रही है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2014 में भी प्रतिमा के उद्घाटन का कार्यक्रम प्रस्तावित था। अब दोबारा अनावरण कार्यक्रम रद्द होने के बाद समाज के लोगों में निराशा देखने को मिली।

सैनी सभा से जुड़े लोगों का कहना है कि महाराजा शूर सैनी की प्रतिमा का अनावरण लंबे समय से समाज की अपेक्षा रहा है। ऐसे में कार्यक्रम रद्द होने के बाद इसके कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि अनावरण रद्द किए जाने को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story