नारनौलः सोमनाथ दर्शन कर लौटे श्रद्धालु, सरकार की व्यवस्थाओं की सराहना

WhatsApp Channel Join Now
नारनौलः सोमनाथ दर्शन कर लौटे श्रद्धालु, सरकार की व्यवस्थाओं की सराहना


मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत 54 श्रद्धालुओं ने किया भ्रमण

नारनाैल, 12 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत महेंद्रगढ़ जिले से सोमनाथ धाम गए 54 श्रद्धालु शुक्रवार को सकुशल अपने घर लौट आए। श्रद्धालुओं ने भगवान सोमनाथ मंदिर के दर्शन करने के बाद यात्रा को यादगार बताते हुए सरकार की व्यवस्थाओं की जमकर सराहना की। यात्रियों ने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

श्रद्धालुओं ने बताया कि उन्हें पहली बार बिना किसी खर्च के देश के प्रमुख तीर्थस्थलों में से एक सोमनाथ धाम के दर्शन करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि वे कभी सोच भी नहीं सकते थे कि इतनी सुव्यवस्थित और निशुल्क यात्रा के माध्यम से प्रथम ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर पाएंगे। यात्रियों ने योजना को आम लोगों की धार्मिक आस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताया। श्रद्धालुओं के अनुसार यात्रा के दौरान आवागमन, ठहरने और भोजन की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा दर्शन और जलाभिषेक के लिए विशेष वीआईपी व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई। श्रद्धालुओं ने बताया कि पूरी यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा, जिससे उनका धार्मिक अनुभव और भी सुखद बन गया।

यात्रियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने आम और गरीब वर्ग की धार्मिक भावनाओं को समझते हुए ऐसी योजनाएं शुरू की हैं। श्रद्धालुओं ने नायब सिंह सैनी का भी विशेष आभार व्यक्त किया और कहा कि उनकी पहल से हजारों लोगों को तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने प्रथम ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। लौटने से पहले सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट और गुजरात सरकार की ओर से सभी यात्रियों को अंगवस्त्र और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया। श्रद्धालु अपने साथ धार्मिक अनुभवों की यादें लेकर लौटे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story