नारनौल में विस्फोटक गोदामों पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते का छापा, गायब मिला 175 किलो विस्फोटक

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में विस्फोटक गोदामों पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते का छापा, गायब मिला 175 किलो विस्फोटक


नारनौल में विस्फोटक गोदामों पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते का छापा, गायब मिला 175 किलो विस्फोटक


नारनाैल, 14 मई (हि.स.)। नारनौल में गुरूवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, ड्यूटी मजिस्ट्रेट और फायर ऑफिसर की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न विस्फोटक गोदामों का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान एक गोदाम में विस्फोटक सामग्री के रिकॉर्ड में गड़बड़ी सामने आने पर संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की सिफारिश की गई है। वहीं कई गोदामों में अग्निशमन सुरक्षा नियमों की अनदेखी मिलने पर संचालकों को नोटिस जारी किए गए।

संयुक्त टीम ने सबसे पहले गांव सरेली स्थित लक्की ट्रेडिंग कम्पनी, गांव मेघोत हाला स्थित विनायक इंटरप्राइजेज और गांव छिलरो स्थित जगदंबा विस्फोटक गोदाम का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सामने आया कि इन गोदामों के लाइसेंस की वैधता 31 मार्च 2026 को समाप्त हो चुकी है। हालांकि संबंधित संचालकों द्वारा लाइसेंस नवीनीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन किए जाने की जानकारी टीम को दी गई।

इसके बाद टीम ने गांव बायल स्थित बीएम विस्फोटक के दो गोदामों की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ऑनलाइन रिकॉर्ड और मौके पर मौजूद विस्फोटक सामग्री का मिलान किया। रिकॉर्ड के अनुसार गोदाम में नाइट्रेट मिक्सचर विस्फोटक पदार्थ की मात्रा 2425 किलोग्राम दर्ज थी, लेकिन मौके पर केवल 2250 किलोग्राम सामग्री पाई गई।

इस प्रकार 175 किलोग्राम विस्फोटक पदार्थ कम मिला। जब अधिकारियों ने इस संबंध में दस्तावेज और रिकॉर्ड प्रस्तुत करने को कहा तो मौके पर मौजूद व्यक्ति कोई संतोषजनक जवाब या प्रमाण उपलब्ध नहीं करा सका। मामले को गंभीर मानते हुए टीम ने फर्म संचालक बलियाली निवासी ज्ञानचंद के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश करते हुए रिपोर्ट ज्वाइंट चीफ कंट्रोलर ऑफ एक्सप्लोसिव्स, नॉर्थ सर्कल फरीदाबाद को भेजने की अनुशंसा की है। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कई गोदामों में अग्निशमन सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। इसके चलते फायर विभाग नारनौल की ओर से संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story