नारनौल में कर्मचारियों ने नगर परिषद गेट पर जड़ा ताला

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में कर्मचारियों ने नगर परिषद गेट पर जड़ा ताला


मांगों को लेकर महावीर चौक तक प्रदर्शन, निकाय मंत्री का पुतला जलाकर जताया रोष

नारनाैल, 18 अगस्त (हि.स.)। सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को विभिन्न मांगों को लेकर नगर परिषद कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने गेट पर जमकर नारेबाजी की और बाद में जुलूस के रूप में महावीर चौक पहुंचे। यहां कर्मचारियों ने निकाय मंत्री विपुल गोयल का पुतला जलाकर सरकार के खिलाफ रोष जताया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को नियमित किया जाए। इसके साथ ही 13 मई 2026 को सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच हुए समझौते को तत्काल लागू किया जाए। संघ नेताओं ने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार ने पिछले 12 वर्षों में ग्रुप-सी और ग्रुप-डी के विभिन्न पदों पर भर्तियां की हैं, लेकिन सफाई कर्मचारियों की नियमित भर्ती नहीं की गई।

कर्मचारी नेताओं ने बताया कि सरकार ने राज्य यूनियन के साथ 30 दिनों के भीतर मांगों का समाधान करने का भरोसा दिया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने छह अगस्त से हड़ताल शुरू की थी। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि अग्निशमन विभाग के शहीद कर्मचारियों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और एक-एक सरकारी नौकरी देने की घोषणा भी अभी तक पूरी नहीं हुई है। कर्मचारियों ने सरकार से इस घोषणा को जल्द लागू करने की मांग की। कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। बाजारों, गली-मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। इससे स्थानीय लोगों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story