महेंद्रगढ़ में सिटी बस सेवा शुरू, पांच रुपये किराये में मिलेगी सफर की सुविधा

WhatsApp Channel Join Now
महेंद्रगढ़ में सिटी बस सेवा शुरू, पांच रुपये किराये में मिलेगी सफर की सुविधा


विधायक कंवर सिंह यादव ने दिखाई हरी झंडी

नारनाैल, 07 अगस्त (हि.स.)। महेंद्रगढ़ में लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार काे सिटी बस सेवा की विधिवत शुरुआत कर दी गई। विधायक कंवर सिंह यादव और हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक (जीएम) ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस सेवा के शुरू होने से आम नागरिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और बुजुर्गों को कम किराये में शहर के विभिन्न हिस्सों तक आसान और सुलभ परिवहन सुविधा मिलेगी।

सिटी बस सेवा के तहत 6.5 किलोमीटर तक की यात्रा का किराया मात्र पांच रुपये निर्धारित किया गया है। बस का पूरा रूट करीब 12 किलोमीटर का होगा, जिससे शहर के प्रमुख सरकारी कार्यालय, शिक्षण संस्थान और रिहायशी क्षेत्र आपस में जुड़ेंगे। कम किराये के कारण लोगों की जेब पर भी अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।

यह बस सेवा लघु सचिवालय एवं न्यायिक परिसर, महिला कॉलेज, राजकीय कॉलेज, मॉडल संस्कृति स्कूल, महाराणा प्रताप चौक, राव तुलाराम चौक, मोहल्ला सैनीपुरा सहित शहर के प्रमुख बाजारों और आवासीय क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। इससे रोजाना कार्यालय, अदालत, स्कूल और कॉलेज आने-जाने वाले लोगों को विशेष सुविधा मिलेगी।

विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि सिटी बस सेवा का उद्देश्य शहरवासियों को किफायती, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है। वहीं रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की संख्या और आवश्यकता के अनुसार भविष्य में रूट और बसों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा। इस नई सुविधा से शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story