नारनौल: नांगल चौधरी में 16.43 करोड़ से बनेगी सीएचसी, स्वास्थ्य मंत्री ने किया शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल: नांगल चौधरी में 16.43 करोड़ से बनेगी सीएचसी, स्वास्थ्य मंत्री ने किया शिलान्यास


नारनौल, 18 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बुधवार को नांगल चौधरी में 16 करोड़ 43 लाख 11 हजार रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में 21 करोड़ 60 लाख 67 हजार रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया।स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर क्षेत्र में समान रूप से विकास कार्य करवा रही है। गांव-देहात तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। नांगल चौधरी में सीएचसी निर्माण क्षेत्र के लोगों की दशकों पुरानी मांग थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर रही है। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने नारनौल नागरिक अस्पताल में एमआरआई सुविधा और छह उप स्वास्थ्य केंद्रों का भी उद्घाटन किया। इसके अलावा नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्र में सात संपर्क सड़कों और एक साइड ड्रेन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। रेजांगला दिवस पर शहीदों को नमन करते हुए आरती सिंह राव ने कहा कि प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आजादी के बाद तक दक्षिणी हरियाणा की धरती ने देश के लिए हजारों वीर सपूतों का बलिदान दिया है। यह वीरों की धरती है और सभी को इस पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र से उनके परिवार का विशेष लगाव रहा है। इसी जुड़ाव के चलते उन्होंने महेंद्रगढ़ जिले की विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का निर्णय लिया था। कार्यक्रम में नारनौल विधायक ओम प्रकाश यादव, हरियाणा फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार मनीष मित्तल, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779044 Articles

Share this story