नारनौल में यातायात नियम तोड़ने पर 12 हजार चालान, 2.35 करोड़ वसूले

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में यातायात नियम तोड़ने पर 12 हजार चालान, 2.35 करोड़ वसूले


सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत 830 बसों की जांच, नियमों की अनदेखी पर 95 चालान

नारनाैल, 29 सितंबर (हि.स.)। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। अगस्त और सितंबर माह में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के करीब 12 हजार चालान किए गए। इन चालानों से लगभग 2.35 करोड़ रुपये की कंपोजिशन फीस वसूली गई। यह जानकारी मंगलवार को लघु सचिवालय में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की बैठक में दी गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीसी ने कहा कि सरकार सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर है और प्रत्येक नागरिक की जान की सुरक्षा प्राथमिकता है। सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए यातायात नियमों का प्रभावी ढंग से पालन करवाना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत अगस्त और सितंबर में करीब 830 स्कूल बसों की जांच की गई। नियमों की अनदेखी करने वाली स्कूल बसों के लगभग 95 चालान किए गए। अधिकारियों को स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एडीसी ने जिले में ब्लैक स्पॉट की पहचान कर आवश्यक सुधार करने, अवैध कटों को बंद करने और खराब ट्रैफिक लाइटों की मरम्मत कराने को कहा। इसके अलावा रेलवे अंडरपास पर मार्किंग व लाइटिंग, प्रमुख चौराहों पर सड़क मार्किंग तथा अवैध विज्ञापन बोर्ड हटाने के कार्य भी समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से सड़क सुरक्षा को अभियान के रूप में चलाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए शिविर आयोजित करने का आह्वान किया। बैठक में डीएमसी रणवीर सिंह, सचिव आरटीए मनोज कुमार, एसडीएम कनीना डॉ. जितेंद्र सिंह, एसडीएम नांगल चौधरी उदय सिंह और एसडीएम नारनौल गुरविंदर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story